Sunday, June 07, 2026

गांव से निकलकर लाखों युवाओं को मां भारती की सेवा में भेज रहा है नवलपुर का लाल : पीटी ट्रेनर बबलू चौबे


बेतिया, पश्चिम चंपारण। सफलता किसी पहचान की मोहताज नहीं होती। यदि लगन, मेहनत और समर्पण सच्चा हो तो गांव की मिट्टी से निकला एक साधारण युवक भी हजारों युवाओं के भविष्य को नई दिशा दे सकता है। ऐसा ही एक नाम है पश्चिम चंपारण जिले के नवलपुर निवासी पीटी ट्रेनर बबलू कुमार चौबे, जो आज अपने उत्कृष्ट प्रशिक्षण और अनुशासित मार्गदर्शन के बल पर युवाओं को सेना, अग्निवीर एवं बिहार पुलिस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में चयनित कराने का कार्य कर रहे हैं। बेतिया स्थित उड़ान फिजिकल एकेडमी में पीटी ट्रेनर के रूप में कार्यरत बबलू चौबे ने अपने अथक परिश्रम और समर्पण से हजारों अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता की बारीकियां सिखाई हैं। उनके प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि बड़ी संख्या में युवक एवं युवतियां बिहार पुलिस, अग्निवीर तथा अन्य सुरक्षा बलों में चयनित होकर देश एवं समाज की सेवा कर रहे हैं। बताया जाता है कि उड़ान फिजिकल एकेडमी के निदेशक राजन कुमार यादव के नेतृत्व में संचालित यह संस्थान युवाओं के लिए एक उम्मीद का केंद्र बन चुका है। यहां अभ्यर्थियों को केवल दौड़ और शारीरिक प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन तथा लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा भी दी जाती है। पीटी ट्रेनर बबलू चौबे की विशेष प्रशिक्षण शैली और व्यक्तिगत मार्गदर्शन ने अनेक युवाओं के सपनों को साकार किया है। हाल ही में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के चयन के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में RLSY कॉलेज, बेतिया के प्राचार्य द्वारा पीटी ट्रेनर बबलू कुमार चौबे को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बबलू चौबे जैसे प्रशिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो युवाओं को सही दिशा देकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद बबलू चौबे ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल नौकरी दिलाना नहीं, बल्कि युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि जब उनके प्रशिक्षित अभ्यर्थी वर्दी पहनकर देश सेवा के लिए आगे बढ़ते हैं तो यह उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान होता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि नवलपुर की धरती का यह लाल आज हजारों परिवारों के सपनों को साकार कर रहा है। गांव से निकलकर युवाओं के भविष्य को संवारने वाले बबलू चौबे आज पश्चिम चंपारण ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। आदित्य शर्मा, मुख्य संवाददाता, बिहार न्यूज़16 Also watch this news on Youtube